Sunil Soni property halved in 5 years: रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव में 30 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। इसमें दर्ज संपत्ति ब्यौरे के अनुसार भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के प्रत्याशी करोड़पति हैं, लेकिन पिछले 5 सालों में भाजपा के सुनील सोनी की संपत्ति आधी रह गई है, जबकि उनकी पत्नी की संपत्ति दोगुनी हो गई है।
सुनील सोनी की पत्नी तारा सोनी के नाम 1 करोड़ 42 लाख 7 हजार 400 रुपए हैं। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी आकाश शर्मा की पत्नी अपूर्वा शर्मा के पास 49 लाख का सोना, 1 किलो चांदी और 2.5 लाख के हीरे के जेवरात हैं। इस तरह दोनों प्रत्याशियों से ज्यादा संपत्ति उनकी पत्नियों के पास है।
5 साल में 1 करोड़ 85 लाख 96 हजार कम हुई सोनी की संपत्ति
एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक, 2019 में जब सुनील सोनी ने लोकसभा चुनाव लड़ा था, तब उनकी संपत्ति 4 करोड़ 60 लाख 68 हजार 126 रुपए थी। पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद फिलहाल वे 2 करोड़ 74 लाख 71 हजार 600 रुपए के मालिक हैं। यानी पिछले 5 साल में उनकी संपत्ति 1 करोड़ 85 लाख 96 हजार 526 रुपए कम हुई है।
नकदी के मामले में सुनील सोनी की पत्नी आगे
इसी तरह उनके पास 292 ग्राम सोने के आभूषण, 10 किलो चांदी के बर्तन हैं, जिनकी कीमत करीब 24 लाख 17 हजार रुपए है। सुनील सोनी के पास 1 लाख 78 हजार नकद हैं। उनके खाते में 58 लाख 36 हजार रुपए हैं।
उनकी पत्नी तारा सोनी के पास 2 लाख 76 हजार रुपए नकद और उनके खाते में 8 लाख रुपए हैं। सोनी परिवार पर 18 लाख 79 हजार 744 रुपए का कर्ज है। इसमें 13 लाख रुपए सुनील सोनी पर और बाकी उनकी पत्नी पर है।
आकाश की पत्नी के पास ज्यादा नकदी
दूसरी ओर, कांग्रेस प्रत्याशी आकाश शर्मा पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। उनके पास 80 हजार नकद और अलग-अलग खातों में 6 लाख 36 हजार रुपए हैं। उनकी पत्नी अपूर्वा के पास 1.5 लाख नकद और खाते में 2.65 लाख रुपए हैं।
13 नवंबर को मतदान और 23 नवंबर को परिणाम
छत्तीसगढ़ में उपचुनाव की आचार संहिता के बीच प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए सोशल मीडिया से लेकर सड़क तक प्रचार कर रहे हैं। उपचुनाव के लिए 13 नवंबर को मतदान होगा और 23 नवंबर को परिणाम घोषित किए जाएंगे।
19 मजिस्ट्रेट तैनात, जांच कर रहे हैं
उपचुनाव के दौरान प्रत्याशी मतदाताओं को लुभाने और चुनाव को प्रभावित न कर सकें, इसके लिए चुनाव आयोग के अधिकारियों ने 19 मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में 6 चेकपोस्ट बनाए गए हैं। यहां से गुजरने वाले लोगों की जांच की जाएगी।
चुनाव आयोग ने दूसरे राज्यों से आए चुनाव प्रभारियों के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। चुनाव आयुक्त ने कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। 253 मतदान केंद्र बनाए गए हैं दक्षिण विधानसभा में उपचुनाव कराने के लिए 253 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
13 नवंबर को मतदान होगा। इन मतदान केंद्रों की सुरक्षा के लिए 500 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। सुरक्षा की दृष्टि से अस्थायी चौकियां बनाई जाएंगी। मतदान केंद्रों की लाइव वेबकास्टिंग की जाएगी, ताकि छत्तीसगढ़ चुनाव आयोग के अधिकारियों के अलावा भारत निर्वाचन आयोग के अधिकारी भी इसे देख सकें। आयोग उपचुनाव का परिणाम 23 नवंबर को जारी करेगा।