Raipur 7 people killed within 72 hours: राजधानी रायपुर में त्योहार के दौरान 72 घंटे के अंदर 7 लोगों की हत्या कर दी गई। दरअसल, बुधवार को अवंति विहार में अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर पति-पत्नी पर हमला कर दिया। बुजुर्ग को हेलमेट से बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं, आरोपी जेवर लेकर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, रिटायर्ड एफसीआई अधिकारी रत्नेश बनर्जी (72) अपनी पत्नी रिटायर्ड आयकर अधिकारी माया बनर्जी (70) के साथ रहते थे। उनका बड़ा बेटा दुबई में रहता है, जबकि छोटा बेटा रवि बनर्जी कोलकाता में रहता है। रत्नेश ने मकान का एक हिस्सा किराए पर दे रखा है, जहां 7 किराएदार रहते हैं।
उधर, शनिवार रात गोवर्धन पूजा के दौरान आरंग तामसिवनी में चाकूबाजी हुई और ग्रामीणों ने पथराव किया। वहीं, विधानसभा के पास सकरी में विवाद के बाद एक घर में आग लगा दी गई।
3 किराएदार हिरासत में
पुलिस ने उनके मकान में रह रहे तीन किराएदारों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया है। वहीं, 4 किराएदार लापता हैं। इनमें से एक पर हत्या का संदेह है। पुलिस उसकी तलाश में अंबिकापुर गई है।
ये हो सकती है वजह
पुलिस को शक है कि लूटपाट के इरादे से बनर्जी दंपती पर हमला किया गया या फिर किराएदारों से मकान के किराए को लेकर विवाद हो सकता है।
जुए के अड्डे में भिड़े दो पक्ष
गुरुवार की रात पुरानी बस्ती के भटगांव स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में जुआ में हार-जीत को लेकर संजय यादव (35) और आनंद सिंह (30) के गुटों में विवाद हो गया।
इस दौरान तीन-चार आरोपियों ने संजय पर पेचकस और आनंद पर बीयर की बोतल से हमला कर दिया। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। दोनों पक्षों से 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
चरित्र पर संदेह के चलते ली जान
जेसीबी चालक सुंदर साहू अपने परिवार के साथ खम्हारडीह कचना में रहता है। पुलिस के मुताबिक सुंदर साहू को शक था कि प्रेमशंकर साहू का उसकी पत्नी से प्रेम संबंध है।
इस बात को लेकर दोनों में हमेशा झगड़ा होता था। गुरुवार की रात इसी बात को लेकर प्रेम ने सुंदर पर हमला कर दिया। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने प्रेमशंकर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुरानी रंजिश के चलते हत्या
उरला निवासी कृष वर्मा (18) की तेलीबांधा में पुरानी रंजिश के चलते चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। कृष गुरुवार को अपनी बहन से मिलने सुभाष नगर आया था, जहां उसका अविनाश ठाकुर, बजाज साहू और छवि देवांगन से विवाद हो गया।
तीनों ने मिलकर कृष की पिटाई की और चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
चाकू से कई बार वार, शव खेत में फेंका
तिल्दा में अमन प्रकाश रात्रे पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। उस पर चाकू और अन्य धारदार हथियारों से कई बार हमला किया गया। अमन की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी शव को खेत में फेंककर फरार हो गए। एक अन्य घटना में तिल्दा में अज्ञात युवक की हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया। शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं।