Maharashtra BJP Nitesh Rane; Rahul Gandhi Priyanka | Kerala Pakistan: महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नितेश राणे ने कहा- केरल छोटा पाकिस्तान है। राहुल और प्रियंका गांधी मुसलमानों की वजह से वहां से चुनाव जीतते हैं। राणे ने रविवार को पुणे जिले के पुरंदर में एक रैली में कहा- सभी आतंकवादी राहुल-प्रियंका को वोट देते हैं। यह सच है, आप पूछ सकते हैं। वे आतंकवादियों को साथ लेकर सांसद बने हैं।
राणे ने कहा- राहुल और प्रियंका के चुनाव जीतने पर जो कुछ भी कहा गया, वह वायनाड के भाजपा नेताओं ने भी कहा। आप किसी से भी पूछ सकते हैं। राहुल-प्रियंका का समर्थन करने वाले लोग कौन हैं? कौन से संगठन उनका समर्थन करते हैं?
क्या कांग्रेस सामने आकर कह सकती है कि हम गलत हैं? क्या वे कह सकते हैं कि एक भी आतंकवादी संगठन ने चुनाव में राहुल और प्रियंका का समर्थन नहीं किया? हम और सबूत देंगे। मैंने जो कुछ भी कहा, वह तथ्यों पर आधारित था।
विपक्ष की प्रतिक्रिया के बाद राणे ने कहा कि केरल भारत का अभिन्न अंग है। वे केवल केरल और पाकिस्तान में हिंदुओं के साथ हो रहे व्यवहार की तुलना कर रहे थे। हाल ही में वहां 12 हजार हिंदू महिलाओं का धर्मांतरण रोका गया।
कांग्रेस ने की नितेश को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अतुल लोंधे पाटिल ने पीएम नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस से नितेश को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि राणे से और क्या उम्मीद की जा सकती है? उन्हें ऐसा करने के लिए चुना गया है। महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि अगर केरल पाकिस्तान है तो केंद्र सरकार क्या कर रही है?
पूर्व मंत्री बालासाहेब थोरात ने कहा कि भाजपा नेता कुछ नहीं कर सकते, इसलिए वे हिंदू-मुस्लिम, भारत-पाकिस्तान का मुद्दा उठाते रहते हैं। नितेश ने 15 दिसंबर को महाराष्ट्र की फडणवीस सरकार में मंत्री पद की शपथ ली थी।
उन्हें मत्स्य पालन और बंदरगाह विकास मंत्रालय दिया गया है। नितेश के पिता नारायण राणे महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं। वे पहले भी अपने बयानों को लेकर विवादों में रहे हैं। उन पर पहले से ही हेट स्पीच के कई मामले दर्ज हैं।