ब्रेकिंग खबरें

टॉप खबरेंदेश-विदेशराजनीतिस्लाइडर

Manmohan Singh का अंतिम संस्कार कल: 92 साल की उम्र में निधन; 7 दिन का राष्ट्रीय शोक, राहुल गांधी बोले- मैंने अपना गुरु खो दिया

Ex Prime Minister Dr Manmohan Singh Death Funeral Photos Update | Delhi News: पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार रात निधन हो गया। वे 92 साल के थे। पूर्व पीएम लंबे समय से बीमार थे। घर पर बेहोश होने के बाद उन्हें रात 8:06 बजे दिल्ली एम्स लाया गया था।

अस्पताल के बुलेटिन के मुताबिक उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहां रात 9:51 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

मनमोहन सिंह 2004 में देश के 14वें प्रधानमंत्री बने थे। उन्होंने मई 2014 तक इस पद पर दो कार्यकाल पूरे किए थे। वे देश के पहले सिख और चौथे सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री थे।

मनमोहन सिंह के निधन के कारण केंद्र सरकार ने 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। सुबह 11 बजे कैबिनेट की बैठक बुलाई गई है। साथ ही शुक्रवार को होने वाले सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।

बेलगाम से देर रात दिल्ली पहुंचने के बाद राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे सीधे मनमोहन सिंह के आवास पर गए। राहुल ने एक्स पर लिखा- मैंने अपना मार्गदर्शक और गुरु खो दिया है।

इस बीच कर्नाटक के बेलगाम में चल रही कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक रद्द कर दी गई है। कांग्रेस स्थापना दिवस से जुड़े कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं। पार्टी के कार्यक्रम 3 जनवरी के बाद शुरू होंगे।

केरल सरकार ने डॉ. सिंह के सम्मान में 26 दिसंबर से 1 जनवरी तक 7 दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। टीम इंडिया भी आज मेलबर्न टेस्ट में काली पट्टी बांधकर खेलने उतरी है।

इस साल 3 अप्रैल को राज्यसभा का कार्यकाल खत्म हुआ

मनमोहन सिंह 3 अप्रैल को राज्यसभा से रिटायर हुए थे। वे पहली बार 1991 में असम से राज्यसभा पहुंचे थे। तब से वे करीब 33 साल तक राज्यसभा के सदस्य रहे। छठी और आखिरी बार वे 2019 में राजस्थान से राज्यसभा सांसद बने।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी मनमोहन सिंह को रिटायरमेंट पर पत्र लिखा था। अपने पत्र में खड़गे ने लिखा था कि- अब आप सक्रिय राजनीति में नहीं रहेंगे, लेकिन जनता के लिए आपकी आवाज उठती रहेगी। संसद को आपके ज्ञान और अनुभव की कमी खलेगी।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी मनमोहन सिंह की सीट पर पहली बार राज्यसभा पहुंची थीं। 20 फरवरी को वे निर्विरोध राज्यसभा के लिए चुनी गईं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले आखिरी पीएम थे मनमोहन सिंह

3 जनवरी 2014 को मनमोहन सिंह ने पीएम के तौर पर अपनी आखिरी प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इसमें उन्होंने 100 से ज्यादा पत्रकारों के 62 सवालों के जवाब दिए थे। इसमें मनमोहन सिंह ने कहा था, “मैं ईमानदारी से मानता हूं कि इतिहास मेरे प्रति समकालीन मीडिया से ज्यादा उदार रहेगा।”

What's your reaction?

Related Posts