Encounter On Border Of Dantewada Bijapur: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा-बीजापुर सीमा पर मंगलवार (3 सितंबर) को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 9 नक्सलियों को मार गिराया। जवानों ने मारे गए नक्सलियों के शव और एसएलआर राइफल, 303 और 315 बोर राइफल, विस्फोटक बरामद किए हैं। मुठभेड़ किरंदुल थाना क्षेत्र के बैलाडीला के जंगल में हुई।
बताया जा रहा है कि मुठभेड़ करीब 13 घंटे तक चली। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। ऑपरेशन में शामिल सभी जवान सुरक्षित बताए जा रहे हैं। अफसरों के मुताबिक जवानों के लौटने के बाद ही ज्यादा जानकारी मिल पाएगी।
नक्सलियों की सूचना पर रात में ही रवाना हुए थे जवान
दंतेवाड़ा जिले के एसपी गौरव राय ने बताया कि बैलाडीला की पहाड़ियों के नीचे पुरंगेल, लोहा गांव की तरफ पश्चिम बस्तर डिवीजन के माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी।
Encounter On Border Of Dantewada Bijapur: इसके बाद रात में ही डीआरजी और सीआरपीएफ के जवानों को सर्च ऑपरेशन के लिए भेजा गया था। जवान जब नक्सलियों के कोर एरिया में घुसे तो नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
बीजापुर में विस्फोटक के साथ 13 नक्सली पकड़े गए
बीजापुर जिले में भी पुलिस ने मंगलवार को 13 नक्सलियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार नक्सलियों के पास से विस्फोटक, धनुष-बाण और अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि डीआरजी, पुलिस और कोबरा बटालियन 202 के जवान संयुक्त रूप से सर्चिंग के लिए निकले थे। इस दौरान इन्हें तर्रेम इलाके से पकड़ा गया।
सीएम ने कहा- जवानों की बहादुरी को सलाम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, जब से भाजपा की सरकार बनी है, सरकार नक्सलवाद के खिलाफ मजबूती से लड़ रही है, हमारे जवान लड़ रहे हैं। हम अपने जवानों की बहादुरी को सलाम करते हैं। अभी 9 नक्सली मारे गए हैं। बहुत जल्द इस राज्य से नक्सलवाद का खात्मा हो जाएगा।
Encounter On Border Of Dantewada Bijapur: वहीं, डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, यह जवानों की बाजुओं की ताकत है, जिसके सामने पूरा बस्तर शांत रहने वाला है।