Chhattisgarh Raipur Murder Of Mother And Daughter: रायपुर में मां-बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस मामले में 14 साल की लड़की का शव नए साल के दिन नाले में मिला था। अब ठीक एक दिन बाद उसकी मां का शव मिला है। दरअसल, लड़की का शव मिलने के बाद जब पुलिस ने जांच शुरू की और उसके घर पहुंची तो उन्हें घर पर उसकी मां की मौत की जानकारी मिली।
पुलिस को हत्या के सबूत मिले हैं। पुलिस इस बात की जांच में जुटी है कि आखिर हत्या किसने की और हत्या के क्या कारण रहे। इस मामले में दुष्कर्म की भी आशंका जताई जा रही है। आपको बता दें कि रायपुर में पिछले 2 दिनों में 5 हत्याएं हो चुकी हैं।
धरसींवा थाना क्षेत्र में मिला शव
बुधवार को खमतराई थाना क्षेत्र में 14 साल की लड़की का शव नाले में पड़ा मिला था। गुरुवार को धरसींवा थाना क्षेत्र में उसकी मां का शव मिला। दोनों थानों की टीमें इस मामले की जांच कर रही हैं।
रायपुर-बिलासपुर हाईवे से सटी एक कॉलोनी में 14 साल की लड़की और उसकी मां रहती थीं। महिला के पति की कुछ साल पहले मौत हो चुकी है। पुलिस ने किसी को भी उस कमरे में नहीं जाने दिया, जहां महिला का शव मिला। घटनास्थल पर फर्श और दीवार पर खून के धब्बे मिले हैं।
जांच टीम के अधिकारियों ने बताया कि महिला की हत्या किसी धारदार हथियार या भारी वस्तु से वार कर की गई होगी। बेटी की हत्या कैसे की गई, इसकी जांच की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
किसी करीबी पर हत्या का शक, दुष्कर्म का भी शक
घटना की खबर मिलते ही फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। कुछ सुराग जुटाए गए हैं, पुलिस महिला के घर आने-जाने वालों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मोहल्ले में चर्चा है कि किसी परिचित ने ही यह वारदात की होगी।
मुस्लिम समुदाय से ताल्लुक रखते थे दोनों
महिला और बेटी मुस्लिम समुदाय से ताल्लुक रखती थीं। पुलिस को इस घटना में दुष्कर्म का भी शक है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मां-बेटी के नाम का खुलासा नहीं किया गया है। रिश्तेदारों से नहीं थी बातचीत
महिला के सड़क किनारे वाले घर में बिजली का कनेक्शन नहीं था। महिला आसपास छोटा-मोटा काम करके अपना और अपनी बेटी का पेट पालती थी। दोनों पीएम आवास योजना के तहत बने घर में रहती थीं। परिचितों ने बताया कि उनके कुछ रिश्तेदार यहीं रहते हैं, लेकिन वे उनसे भी बात नहीं करते थे।
शव को 2 किमी दूर ले जाकर फेंका
यह हत्या 31 दिसंबर की रात को की गई होगी। वारदात के बाद हत्यारे ने लड़की के शव को 2 किमी दूर ले जाकर फेंक दिया, जिसे 1 जनवरी को बरामद किया गया। इसके बाद लड़की की मां का शव भी मिला है। इस मामले की जांच अवैध संबंध के एंगल से भी की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।
शव दो दिन तक वहीं पड़ा रहा
आस-पास रहने वाले लोगों ने बताया कि बिजली कनेक्शन न होने के कारण उसकी बेटी मोबाइल चार्ज करने के लिए पड़ोसियों के घर जाती थी। एक दिन पहले जब लड़की का शव मिलने की खबर मोहल्ले में पहुंची तो पड़ोसी महिला के घर गए। दरवाजा बाहर से बंद था, जब उन्होंने अंदर झांका तो देखा कि अंदर एक महिला मुंह के बल लेटी हुई है। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।