राजधानी के अनुपम नगर में हुई 60 लाख रुपए की डकैती मामले में पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। देर रात रायपुर पुलिस आरोपियों को दुर्ग और राजनांदगांव से गिरफ्तार कर रायपुर ले आई। बताया जा रहा है कि शातिर आरोपी डकैती के पैसों का बंटवारा करने के लिए छिपे हुए थे।
जमीन विवाद के चलते डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया। डकैतों की लोकेशन का लीड मिलते ही देर रात ACCU के एडिशनल एसपी और प्रभारी परेश पांडे के नेतृत्व में 60 सदस्यों की 10 अलग-अलग टीमें रवाना की गईं। दुर्ग और राजनांदगांव से घेराबंदी कर डकैतों को गिरफ्तार करने के बाद टीम सुबह 6 बजे रायपुर पहुंची।
बताया जा रहा है कि पीड़ित का रिश्तेदार ही डकैती का मास्टरमाइंड है। उसने अपने दोस्त और उसकी पत्नी के साथ मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया है, जिन्होंने शातिराना तरीके से योजना बनाकर इस डकैती को अंजाम दिया है।
सूत्रों के मुताबिक डकैती के आरोपियों में से एक नागपुर निवासी साजिद है। वह पीड़ित का रिश्तेदार है। उसने अपने दोस्त भिलाई निवासी राहुल और उसकी पत्नी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
लूट के बाद आरोपी अमलेश्वर दुर्ग की ओर भाग गए। रास्ते में उन्होंने गाड़ी बदल ली। इसके बाद वे अलग-अलग शहरों में भाग गए। इस पूरे मामले का खुलासा आईजी दोपहर 3 बजे करेंगे।
संपत्ति विवाद के बाद रिश्तेदारों पर हुआ शक
पीड़ित वेलू का परिवार काफी बड़ा है। इसमें आठ भाई-बहन हैं। परिवार ने जो जमीन बेची थी, उसे लेकर परिवार के सदस्यों में विवाद चल रहा था। इनमें से कुछ लोग नाराज भी थे।
पुलिस को जैसे ही इसकी भनक लगी, उनका शक रिश्तेदारों पर गहरा गया। पुलिस लगातार परिवार के सभी सदस्यों से पूछताछ कर रही थी। घटना के दौरान वे कहां थे? पुलिस ने घटना से पहले और बाद की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी थी।
अब जानिए…कैसे 20 मिनट में 60 लाख की डकैती हुई…
रायपुर में नगर निगम चुनाव के दिन दिनदहाड़े 20 मिनट के भीतर 60 लाख की लूट हो गई। यह लूट खम्हारडीह थाना क्षेत्र के अनुपम नगर में हुई। लुटेरे कमांडो ड्रेस पहनकर घर में घुसे।
उन्होंने बुजुर्ग पर पिस्तौल तानकर उन्हें बंधक बना लिया। फिर उन्हें डराने के लिए नकली इंजेक्शन लगा दिया। इस दौरान उन्होंने लाल सलाम कहा और कहा कि अगर हंगामा किया तो घर को बम से उड़ा देंगे।
कार से उतरते हुए 5 लुटेरे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए। इनमें एक महिला भी थी। पांचों डकैतों ने प्रेमा वेल्लू (71), रजनी वेल्लू (67) और मनोहर वेल्लू (70) को बंधक बनाकर डकैती की। ये तीनों भाई-बहन हैं और साथ रहते हैं और इनमें से किसी की शादी नहीं हुई है।
जमीन बेचकर मिले पैसे लेकर भाग गए
वेलू परिवार ने कुछ दिन पहले ही अपनी पुश्तैनी जमीन बेची थी। जिसके बाद उन्होंने घर के अंदर पलंग के नीचे 60 लाख रुपए रखे थे। डकैत उसे लूटकर ले गए। इसके अलावा अलमारी से जेवर भी लूटकर ले गए। भागते समय उन्होंने तीनों बुजुर्गों को कमरे में बंद कर दिया। बुजुर्ग घर के पीछे से भागे तो उन्होंने पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी।